देवीलाल गुप्ता | बस्ती मंडल न्यूज़

संतकबीर नगर। जिले के पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों द्वारा पैसा वसूली का एक वीडियो वायरल हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप कुमार मीना ने धनघटा थाने में तैनात दो हेड कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

​एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि वायरल वीडियो धनघटा थाना क्षेत्र के कटहा उर्फ भिटहा गांव के रहने वाले श्रीनाथ प्रजापति का है। श्रीनाथ ने वीडियो में आरोप लगाया था कि एक युवती द्वारा उनके खिलाफ दिए गए प्रार्थना पत्र के मामले में धनघटा थाने के हेड कांस्टेबल मोहन कुमार ने पहले उनसे 10 हजार रुपये की रिश्वत ली थी।

ऑनलाइन और नकद ली गई घूस

​पीड़ित युवक का आरोप है कि एक महीने बाद जब दोबारा प्रार्थना पत्र आया, तो सुलह-समझौते के नाम पर हेड कांस्टेबल मोहन कुमार और एक अन्य पुलिसकर्मी ने उससे 7 हजार रुपये और ऐंठ लिए। आरोप के मुताबिक, इसमें से 5 हजार रुपये थाने के पास ही एक दुकान से ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए, जबकि 2 हजार रुपये नकद लिए गए।

एसपी की सख्त कार्रवाई, CO को सौंपी जांच

​वायरल वीडियो और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने हेड कांस्टेबल मोहन कुमार और हेड कांस्टेबल राणा प्रताप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही सख्त हिदायत दी गई है कि बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

​इस पूरे प्रकरण की अंतिम जांच सीओ मेंहदावल को सौंप दी गई है और उन्हें एक सप्ताह के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।